सदर प्रखंड कार्यालय का किया निरीक्षण, बायोमीट्रिक उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण और साफ-सफाई की परखी व्यवस्था; जनसेवा में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पर दिया जोर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव

गोपालगंज जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने गुरुवार को सदर प्रखंड कार्यालय, गोपालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न पंजीयों एवं अभिलेखों के संधारण, बायोमीट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजीयों एवं अभिलेखों की विस्तार से जांच की और उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचें तथा प्रतिदिन बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें।
कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीएम ने साफ-सुथरे एवं व्यवस्थित कार्यालय वातावरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए और आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और बेहतर कार्य संस्कृति प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यालय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोपालगंज सहित प्रखंड कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला पदाधिकारी को कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी।












