स्कूल जाते समय सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत, शिक्षा जगत में शोक की लहर
विजयीपुर/गोपालगंज

विजयीपुर शिक्षा विभाग से बेहद दुखद खबर सामने आई है। विजयीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय रानीपुर में कार्यरत हिंदी शिक्षिका दीपिका सिंह का स्कूल जाते समय हुए सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गई, इलाज के दौरान निधन हो गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपिका सिंह रोज़ की तरह अपने विद्यालय जा रही थीं अपने पति के बाइक पर बैठ कर,इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी बाइक के उपर एक बंदर खुद गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए भोरे रेफ़रल अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रेफर कर दिया, परिवार के सदस्यों द्वारा देवरिया में किसी निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शिक्षिका के असामयिक निधन की खबर मिलते ही विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्रों और शिक्षा विभाग में शोक की लहर फैल गई। सभी ने उन्हें एक समर्पित, कर्मठ और विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील शिक्षिका बताया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।












