पति विदेश में, भसुर पर महिला ने लगाया प्रताड़ना और जमीन हड़पने का आरोप; कटेया थाने में दिया आवेदन
गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की लगाई गुहार, जान से मारने की धमकी का भी आरोप।
कटेया (गोपालगंज): गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने भसुर पर प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज, जमीन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में कटेया थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
आवेदन में महिला ने बताया है कि उसके पति जीविकोपार्जन के लिए विदेश (दुबई) में रहकर मजदूरी करते हैं। इस दौरान उसके भसुर कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज करते हैं, मारपीट करते हैं और घर में रहने नहीं देते। महिला का आरोप है कि उसके हिस्से की जमीन भी धोखे से अपने नाम कराने का धमकी देता है । विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और घर से निकाल देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












