समाहरणालय में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक, किसानों तक समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज पहुंचाने और सभी योजनाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव

गोपालगंज: समाहरणालय सभा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ 2026 की तैयारियों, बीज वितरण तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला उद्यान पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (हथुआ), सहायक निदेशक (शस्य), उप निदेशक (शस्य) बीज विश्लेषण प्रयोगशाला, सहायक निदेशक (रसायन) सहित जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान डीएम ने खरीफ 2026 के लिए प्राप्त सभी बीजों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय पर बीज उपलब्ध होने से बुआई निर्धारित अवधि में पूरी होगी और जिले में कृषि उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
जिला पदाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।
बैठक के अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसानों तक सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।












