सदर प्रखंड में टीबी मरीजों के घर पहुंचकर वितरित की पौष्टिक आहार किट, समाज से ‘निक्षय मित्र’ बनकर सहयोग की अपील
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव

गोपालगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी समीर सौरभ स्वयं ‘निक्षय मित्र’ की भूमिका में नजर आए। उन्होंने सदर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में टीबी मरीजों के घर पहुंचकर उन्हें पौष्टिक आहार किट वितरित की तथा नियमित दवा और संतुलित भोजन के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। यदि मरीज समय पर जांच कराकर नियमित रूप से दवा लेते हैं और चिकित्सकों की सलाह का पालन करते हैं, तो यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने मरीजों से दवा बीच में नहीं छोड़ने और पौष्टिक भोजन लेने की अपील की।
डीएम समीर सौरभ ने समाज के सक्षम लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में टीबी मरीजों की पहचान, जांच और उपचार का कार्य लगातार चल रहा है। सभी मरीजों को सरकार की ओर से निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनके उपचार की नियमित निगरानी भी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण, समय पर इलाज और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराकर गोपालगंज को टीबी मुक्त जिला बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ‘निक्षय मित्र’ बनने की अपील की।












