एसपी के निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ ने मीरगंज, उचकागांव, फुलवरिया और श्रीपुर थानों का किया निरीक्षण, रात्रि गश्ती व्यवस्था की परखी हकीकत।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज, 20 जुलाई। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सुपर पेट्रोलिंग अभियान के तहत सोमवार की रात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (हथुआ) ने मीरगंज, उचकागांव, फुलवरिया एवं श्रीपुर थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थानों में संचालित रात्रि गश्ती व्यवस्था, ड्यूटी रजिस्टर, गश्ती दल की सक्रियता तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति की गहन जांच की गई। गश्ती वाहनों में तैनात पुलिसकर्मियों की भी चेकिंग की गई और उन्हें सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
एसडीपीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए सुपर पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की सक्रियता से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।












