मीरगंज थाना पुलिस की कार्रवाई में एक देसी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को हरखोली गांव के पास हथियार तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ एवं मीरगंज थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। मौके से पहले रोबिन सिंह को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की।
रोबिन सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने हरखोली गांव स्थित सनोज कुमार के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देसी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में सनोज कुमार ने बताया कि हथियार उसे सोनू कुमार और रोबिन सिंह के माध्यम से उपलब्ध कराए गए थे तथा गिरोह संभावित ग्राहकों को हथियारों के वीडियो भेजकर सौदे तय करता था।
इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी सोनू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने अवैध हथियार तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन से कई संदिग्ध फोटो और वीडियो भी सुरक्षित किए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।
इस मामले में मीरगंज थाना कांड संख्या 379/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।












