मांझागढ़ थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने कबूला चोरी का अपराध, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात विशम्भरपुर बाजार के आगे मोड़ पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसके घर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद मोटरसाइकिल के चोरी की होने की बात स्वीकार की और बताया कि वह बाइक गोपालगंज से चोरी कर लाई गई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अल्ताफ राजा, पिता साकिर अली, ग्राम हरपुर, थाना बड़हरिया, जिला सिवान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त कर ली है।
इस मामले में मांझागढ़ थाना कांड संख्या 320/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस चोरी की इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












