मुख्यमंत्री के ऑनलाइन लोकार्पण के साथ जिले के सभी प्रखंडों में शुरू हुए सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), डीएम समीर सौरभ बोले— “बच्चे बनें अपने क्षेत्र के रोल मॉडल”
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज । बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा पहल के तहत रविवार को मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के सभी 551 प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का ऑनलाइन लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में गोपालगंज जिले के सभी 14 प्रखंडों में भी आदर्श विद्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण विद्यालयों में किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ देखा।
थावे प्रखंड के सेमरा स्थित आदर्श विद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ शामिल हुए। वहीं मांझा प्रखंड में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार तथा कुचायकोट में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय ने उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। जिले के सभी 14 प्रखंडों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रत्येक आदर्श विद्यालय में कक्षा-9 के 40 मेधावी विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय आय एवं मेधा आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा के माध्यम से किया गया है। इन विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी विशेष समिति की अनुशंसा पर की गई है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
सेमरा स्थित विद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए डीएम समीर सौरभ ने कहा कि आदर्श विद्यालय के विद्यार्थी केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी में भी मिसाल बनें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने प्रखंड के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा और रोल मॉडल बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ ललित कला, संगीत, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके और वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
इधर मांझा गढ़ स्थित ‘सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) माधव उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय’ के उद्घाटन समारोह में बरौली विधायक मंजीत सिंह, उप विकास आयुक्त, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक मंजीत सिंह ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह मॉडल स्कूल क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
नई शिक्षा व्यवस्था की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।












