बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, गहने-नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ; जांच में जुटी पुलिस।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अमठा गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के गहने और कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि घर के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जब परिजन वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा चोरों की पहचान में जुटी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












