गोपालगंज में शिक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम सख्त, एक सप्ताह में पूरा करें नामांकन लक्ष्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जिले के 14 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया जा रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्घाटन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि छात्रों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
विशेष नामांकन अभियान की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 3,37,809 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है। शेष लक्ष्य को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने का निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि कोई भी योग्य बच्चा विद्यालय से बाहर नहीं रहना चाहिए।
बैठक में निजी विद्यालयों की मान्यता और ई-संबंधन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा भी की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का सत्यापन एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही RTE नियमों एवं निर्धारित इनटेक कैपेसिटी का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिक्षा विभाग में तकनीकी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी सरकारी विद्यालयों में फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) के माध्यम से शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत डिजिटल पंजीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव जिला समन्वय समिति को भेजने तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में शत-प्रतिशत नामांकन, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने सभी शिक्षा अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्रत्येक शैक्षणिक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार दिखाई दे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












