भूमि विवाद में किशोर से मारपीट: मांझागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नामजद आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर एक किशोर के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को ग्राम धर्मपरसा में भूमि विवाद के दौरान एक किशोर के साथ मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।
इस संबंध में मांझागढ़ थाना कांड संख्या-318/26 दिनांक 17 जुलाई 2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजेश कुमार, पिता खजांती साह, निवासी धर्मपरसा, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया। घायल किशोर का इलाज सदर अस्पताल गोपालगंज में कराया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर एवं नियंत्रण में है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।












