दहेज हत्या कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । गोपालगंज पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। उचकागांव थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या मामले के दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान उचकागांव थाना कांड संख्या 447/25, दिनांक 16 दिसंबर 2025, धारा 80/3(5) बीएनएस (दहेज हत्या) के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद अभियुक्त बबलू शाह (पिता- विगन शाह, निवासी पीड़रा, थाना उचकागांव) सहित एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
गोपालगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।












