नौहट्टा में आर्म्स एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार:चुटिया थाना पुलिस ने छह माह बाद पकड़ा, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
रोहतास=नौहट्टा प्रखंड के चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आर्म्स एक्ट के तहत छह माह से फरार चल रहे आरोपी बुचून महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह गिरफ्तारी परछा गांव के पास अरहर के खेत से देसी दोनाली बंदूक और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने के मामले से संबंधित है।पुलिस के अनुसार, यह मामला चुटिया थाना कांड संख्या 04/2026 से जुड़ा है। 13 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर परछा गांव के पास अरहर के खेत में छापेमारी की गई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हथियार के साथ मौजूद आरोपी मौके से फरार हो गया था। तलाशी के दौरान खेत से एक देसी दोनाली बंदूक और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से बुचून महतो लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए चुटिया थाना पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। हाल ही में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चुटिया थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











