उचकागांव थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या की योजना में इस्तेमाल होने वाला हथियार बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। उचकागांव थाना पुलिस ने हत्या की साजिश को समय रहते विफल करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में इस्तेमाल किए जाने के लिए छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना अध्यक्ष उचकागांव को गुप्त सूचना मिली कि पहले से गिरफ्तार एक आरोपी से पूछताछ के दौरान हत्या की योजना में प्रयुक्त अवैध हथियार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भगवान टोला निवासी बलवंत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने भगवान टोला स्थित रेलवे अंडरपास के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद कर लिया। हथियार को विधिसम्मत रूप से जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में उचकागांव थाना कांड संख्या 274/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानव एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।












