अवैध शराब कारोबारियों के बीच खूनी संघर्ष! फायरिंग से मचा हड़कंप, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद फायरिंग होने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 22 लीटर देसी शराब, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह विवाद अवैध शराब के कारोबार में वर्चस्व को लेकर हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए भी पुलिस अभियान चला रही है।
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












