जादोपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पॉक्सो कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जादोपुर थाना क्षेत्र में दर्ज पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले के प्राथमिक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान जादोपुर थाना कांड संख्या 96/26 के नामजद अभियुक्त बादल कुमार राम को सिवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ की और उसे न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












