50 हजार के इनामी बदमाश पर शिकंजा कसने की तैयारी, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस ने कुख्यात अपराधी मनु यादव की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए ₹50,000 के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपी से संबंधित कोई भी सूचना हो तो तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मनु यादव (पिता- ललन यादव), निवासी भगवान टोला, थाना उचकागांव, जिला गोपालगंज के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या उसकी सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को नियमानुसार ₹50,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही, सूचना देने वाले की पहचान किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
गोपालगंज पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आरोपी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर अपने निकटतम थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827299 पर तुरंत संपर्क करें।
गोपालगंज पुलिस का संदेश:
“अपराध के खिलाफ आपकी एक सूचना किसी बड़े अपराधी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभा सकती है। आपकी पहचान सुरक्षित रहेगी।”












