मांझागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास मामले में 3 नामजद गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मांझागढ़ थाना कांड संख्या 311/26 एवं 288/26 में वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नितेश कुमार, रामसुंदर राम और संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी नियमानुसार निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।












