ग्रामीण श्रमिकों के लिए जागरूकता का महाअभियान: 234 पंचायतों के श्रमिकों को मिली योजनाओं की जानकारी, प्रशिक्षण के साथ नकद मजदूरी व यात्रा भत्ता भी दिया गया।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले के शम्भु श्री विवाह भवन, गोपालगंज में बुधवार को श्रमिकों के हित में एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में जिले की 234 पंचायतों से आए श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान श्रमिकों को उनके अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। श्रम विभाग के अधिकारियों ने न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाएं, बिहार शताब्दी सामाजिक सुरक्षा योजना, प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए श्रमिकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यशाला में शामिल सभी श्रमिकों के लिए नाश्ता और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को एक दिन की मजदूरी के रूप में ₹413 तथा मार्ग व्यय के रूप में अधिकतम ₹100 का नकद भुगतान भी किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में अपना पंजीकरण कराकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा।












