गोपालगंज में विकास कार्यों की समीक्षा, डीएम समीर सौरभ का सख्त संदेश— लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर योजना समय पर पूरी करें
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में विकास योजनाओं को गति देने और आम जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार, 15 जुलाई 2026 को समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय समिति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण लंबित परियोजनाओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाकर विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए। उन्होंने पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास एवं स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जन वितरण प्रणाली (PDS) की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाए, खाद्यान्न वितरण की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।












