मुजफ्फरपुर में सनसनी: शौच के लिए निकले युवक की बेरहमी से हत्या, कातिलों की तलाश में जुटी FSL और पुलिस
मुजफ्फरपुर। सरैया थाना क्षेत्र के सुपना गांव में आज सुबह-सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए अर्जुन सहनी की बेरहमी से हत्या कर दी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। गांव के लोग में आक्रोश व्याप्त हैं।मिली जानकारी के अनुसार, सुपना गांव का रहने वाला अर्जुन सहनी रोज की तरह आज सुबह भी शौच के लिए अपने घर से बाहर निकला था। उसे इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि मौत बाहर उसका इंतजार कर रही है।पहले से ही घात लगाकर बैठे अज्ञात अपराधियों ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए उस पर अचानक हमला कर दिया। अपराधियों ने अर्जुन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और मौके से आसानी से फरार हो गए।घटना की सूचना जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों और स्वजन को मिली, मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सरैया थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया है। एफएसएल की टीम ने घटना स्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, इस निर्मम हत्या के असली कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











