20 दिन पहले ही रोज़गार के लिए गए थे दुबई, थावे में मातम; परिजन शव के भारत लाए जाने का कर रहे इंतजार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के थावे बाजार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थावे बाजार निवासी एवं व्यवसायी संजय गुप्ता के पुत्र सोनू कुमार गुप्ता की ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के दौरान कथित मिसाइल हमले में मौत हो गई। इस खबर के बाद पूरे थावे बाजार में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सोनू कुमार गुप्ता दुबई में एक शिप पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी मिसाइल हमले के दौरान उनकी शिप भी इसकी चपेट में आ गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। सोनू करीब 20 दिन पहले ही अपने घर से रोजगार के लिए दुबई गए थे।
मृतक के भाई ने बताया कि हमले की सूचना मिलने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। अभी तक शव को भारत लाने की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। परिवार भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों से संपर्क में है तथा शव को थावे लाए जाने की जानकारी का इंतजार कर रहा है।इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि जल्द से जल्द सोनू का पार्थिव शरीर भारत पहुंचे ताकि उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव थावे में किया जा सके।
नोट: घटना से संबंधित आधिकारिक पुष्टि और भारतीय दूतावास की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। उपलब्ध जानकारी परिजनों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर है।












