पुलिस केंद्र गोपालगंज में आयोजित कार्यक्रम में शस्त्रिका एवं अनुरोध कक्ष का संचालन, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। पुलिस केंद्र, गोपालगंज में मंगलवार को आयोजित “लाइन डे” कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर शस्त्रिका कक्ष एवं अनुरोध कक्ष का संचालन किया गया, जहां विभिन्न शाखाओं से जुड़े पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदन और शिकायत की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि जवान पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों के सेवा संबंधी मामलों, लंबित अनुरोधों एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित रूप से “लाइन डे” आयोजित करने से पुलिसकर्मियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
इस दौरान पुलिस केंद्र के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।












