तटबंध पूरी तरह सुरक्षित, 24 घंटे निगरानी के निर्देश; किसी भी लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश्वरी पाण्डेय ने डुमरिया घाट बांध एवं गौसिया बांध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तटबंधों की मजबूती, संवेदनशील स्थलों की स्थिति और विभागीय तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शाहनवाज खान, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, गोपालगंज के कार्यपालक अभियंता साजिद इकबाल, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपर समाहर्ता को जानकारी दी कि सारण तटबंध एवं सहायक छरकीय पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा लगातार निगरानी और चौकसी बरती जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंधों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की क्षति, रिसाव या असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी जाए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी संसाधनों को हर समय तैयार रखने तथा तटबंधों की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले के सभी प्रमुख तटबंधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और वर्तमान में सारण तटबंध एवं सहायक छरकीय पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।












