जिला कृषि टॉस्क फोर्स की बैठक में कृषि, सिंचाई, उर्वरक और बिजली व्यवस्था की हुई व्यापक समीक्षा, किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला कृषि टॉस्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में खरीफ 2026 की तैयारियों, किसानों को समय पर कृषि संसाधनों की उपलब्धता तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत (गोपालगंज एवं मीरगंज), कार्यपालक अभियंता सारण नहर प्रमंडल, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सहायक निदेशक ईख विकास, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने खरीफ 2026 के लिए प्राप्त कृषि बीजों के वितरण की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत बीज वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हो और बुआई कार्य प्रभावित न हो।
डीएम ने उर्वरकों की संभावित बढ़ती मांग को देखते हुए जिले में उपलब्ध खाद के भंडार का नियमित सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नामित उर्वरक निरीक्षकों को सभी उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने तथा पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, गव्य विकास, सिंचाई, कृषि अभियंत्रण एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
इसके अलावा खरीफ मौसम के दौरान सिंचाई व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पौधा संरक्षण, कृषि यंत्रीकरण, जीविका एवं अन्य विभागों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। बैठक के अंत में डीएम समीर सौरभ ने कहा कि किसानों की सुविधा और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा तथा सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से हर पात्र किसान तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












