अवर निरीक्षक मद्य निषेध प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, जिला प्रशासन रहा हाई अलर्ट पर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में आयोजित अवर निरीक्षक मद्य निषेध प्रारंभिक परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के बीच शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई थी। इसके तहत अनावश्यक भीड़ जुटाने, मटरगश्ती करने, फोटोस्टेट दुकानों को खोलने तथा मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया।जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त निगरानी में परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त की गई। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान जारी प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सतर्कता और अभ्यर्थियों के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।












