गोपालगंज में पुलिस मुस्तैद: सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थानों में ‘चौकीदारी परेड’ का आयोजन।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आमजन को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से आज जिले के विभिन्न थानों में थानाध्यक्षों के नेतृत्व में ‘चौकीदारी परेड’ का आयोजन किया गया। इस परेड के दौरान चौकीदारों को क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े कई अहम और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। बैठक और परेड के दौरान अधिकारियों ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी। मुख्य रूप से कुछ बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है जैसे जेल से छूटे पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए उनसे संबंधित सूचनाओं का नियमित संकलन करना। क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखना। स्थानीय स्तर पर खुफिया और सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना। जिले में पूर्ण नशामुक्त माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। परेड में निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में शराब की तस्करी और अवैध शराब निर्माण पर पूरी तरह से प्रभावी रोक लगाई जाए। इसके लिए आसूचना संकलन (Intelligence gathering) को और ज्यादा मजबूत करने पर बल दिया गया है।
इस आयोजन का एक मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच के फासले को कम करना भी है। चौकीदारों को निर्देश दिया गया है कि वे पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंच सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।












