दो शराबियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन पुलिस ने शराब तस्करी और नशे में धुत लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार छापेमारी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की देर शाम दो शराबी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर नजदीकी अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। जांच रिपोर्ट में दोनों के शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाई गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्पाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शराबियों में नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव निवासी हरेराम यादव तथा हथुआ थाना क्षेत्र के बरी रायभान गांव निवासी दिलीप बांसफोर शामिल हैं। दोनों पर शराब पीकर सार्वजनिक स्थल पर घूमने और उत्पाद नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया। शनिवार को दोनों आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब की तस्करी और नशे की समस्या पर पूर्ण विराम लगाने के लिए यह अभियान और तेज किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।












