मुरारपट्टी में विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम-सभा आयोजित
मुखिया हवलदार अंसारी ने 10 पौधे लगाकर की पर्यावरण संरक्षण की अपील
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के मुरारपट्टी पंचायत भवन के सभागार में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम-सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत मुखिया हवलदार अंसारी ने की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता पर जोर देते हुए बीजारोपण से शुरू करके वृक्षारोपण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। मुखिया हवलदार अंसारी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की और वृक्षों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कचरे का उचित निपटान न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखेगा बल्कि बीमारियों से भी बचाव होगा। सभा के दौरान पर्यावरण संरक्षण की चर्चा के बाद व्यावहारिक कदम उठाते हुए मुखिया हवलदार अंसारी के नेतृत्व में पीपल और पकड़ी के 10 पौधे लगाए गए। ये पौधे भविष्य में क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने और ऑक्सीजन स्तर सुधारने में सहायक सिद्ध होंगे। मौके पर मुखिया हवलदार अंसारी के अलावा पंचायत सचिव संजीत कुमार, संजय गुप्ता, सरोज राम, रामस्वरूप राम, मुस्तकीम अंसारी, संझारी देवी, विश्वनाथ राम सहित सभी स्वच्छता कर्मी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से पंचायत स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।












