गोपालगंज में सनसनी: घर में पंखे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताया हत्या का शक।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखवली गांव में एक घर से 21 वर्षीय युवक का शव पंखे से लटकता हुआ बरामद किया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान शिवहर जिले के श्यामपुर बाटहा निवासी 21 वर्षीय अनुज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनुज मीरगंज के हरखवली गांव में रहकर बीपीसीएल (BPCL) कंपनी में काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई।परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार दिया है।उनका कहना है कि अनुज की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है।स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से हरखवली गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला वाकई आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। मीडिया से बात करते हुए पुलिस ने बताया की “शव को कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच जारी है।”












