गोपालगंज: पुलिस अधीक्षक ने भोरे और विजयीपुर थाने का किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के निपटारे के दिए सख्त निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP), गोपालगंज द्वारा आज, 21 अप्रैल 2026 को भोरे एवं विजयीपुर थाने का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हाजत और अभिलेखों (Records) के संधारण की बारीकी से जांच की। थाने में दर्ज पुराने और लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जांच अधिकारियों को इनके त्वरित निष्पादन (Disposal) के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने पर आए आम नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और उचित समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट लहजे में निर्देश दिए जिसमे उन्होंने कहा अपने संबंधित क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त (Patrolling) बढ़ाई जाए। शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अन्य अवैध धंधों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वारंट और कुर्की की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। पुलिस कर्मियों को आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी मदद के लिए सदैव तत्पर रहने की हिदायत दी गई। थाना परिसर और अभिलेखों को हमेशा अपडेट और सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।












