शराब के नशे में ड्यूटी करना पड़ा भारी: वार्ड बॉय निलंबित, जांच शुरू
लखनऊ/बांदा, 19 अप्रैल 2026
स्वास्थ्य विभाग में अनुशासनहीनता का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में ड्यूटी करने और अधिकारियों के प्रति अभद्र व्यवहार करना एक वार्ड बॉय को महंगा पड़ गया।
मामला जनपद बांदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विसंडा का है, जहां तैनात वार्ड बॉय सुशील कुमार का 10 अप्रैल को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह कथित तौर पर शराब के नशे में ड्यूटी करते और अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते नजर आए।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्री अमित कुमार घोष ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सुशील कुमार से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन निर्धारित समय में कोई जवाब नहीं मिलने पर सख्त कदम उठाया गया।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा ने वार्ड बॉय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति का गठन भी कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव की दो टूक चेतावनी
अपर मुख्य सचिव श्री घोष ने साफ कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर शराब पीना या किसी भी प्रकार का नशा करना पूरी तरह प्रतिबंधित और गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां मरीजों की सुरक्षा और इलाज पर सीधा असर डालती हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संदेश साफ है:
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनुशासनहीनता अब सीधे सख्त कार्रवाई की ओर ले जाएगी।
बांदा से सनम मलिक की रिपोर्ट












