सोमवार को थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, NH 531 पर लगा घंटों लंबा महाजाम।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। सोमवार के दिन थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आए श्रद्धालुओं के लिए भारी परेशानी भरा रहा। दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण गोपालगंज-मीरगंज NH 531 पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं की अचानक बढ़ी तादाद के चलते थावे बस पड़ाव के पास महाजाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते वाहनों की कतार थावे दुर्गा मंदिर से लेकर टोल टैक्स तक जा पहुँची। इस जाम के कारण न केवल मुख्य मार्ग, बल्कि बेदू टोला गांव समेत थावे को जोड़ने वाली अन्य ग्रामीण सड़कों पर भी यातायात पूरी तरह ठप रहा। घंटों तक जाम में फंसे रहने के कारण यात्रियों और स्थानीय राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमस और धूप के बीच फंसे लोग वैकल्पिक रास्तों की तलाश में दिखे, जिससे स्थिति और भी अस्त-व्यस्त हो गई। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि विशेष दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण दबाव बढ़ जाता है, जिसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












