ईद, रामनवमी और चैती छठ को लेकर गोपालगंज पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
गोपालगंज, 20 मार्च 2026। आगामी ईद, रामनवमी और चैती छठ को लेकर गोपालगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान नगर, मीरगंज, कुचायकोट, गोपालपुर, कटेया समेत कई थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने सड़कों पर मार्च कर आम लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारी और जवानों की बड़ी टीम शामिल रही। पुलिस ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गोपालगंज पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराए जाएंगे तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।












