18 लीटर देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
रूपी बगही में घर से शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, आरोपी न्यायिक हिरासत में
कटेया/गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस ने रूबी बगही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 18 लीटर देशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रूपी बगही क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपने घर से शराब की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान घर के बाहर बोरे से कुल 18 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से अभियुक्त अमेरिका चौहान, पिता रामायण चौहान, निवासी रूपी बगही, थाना कटेया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












