पिता के निधन के बाद गंगा स्नान करने आया 17 वर्षीय किशोर गंगा में डूबा, तलाश जारी
कटिहार ।
कटिहार के मनिहारी गंगा घाट पर रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पूर्णिया जिले के बनमनखी बस स्टैंड वार्ड संख्या-4 निवासी 17 वर्षीय अनुराग सहनी गंगा स्नान के दौरान गंगा में डूबकर लापता हो गया। अनुराग स्वर्गीय चंदन सहनी का पुत्र था।
अनुराग की बुआ हीना कुमारी ने बताया कि 15 जून को अनुराग के पिता चंदन सहनी का निधन हो गया था। श्राद्ध कर्म संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान के लिए मनिहारी गंगा घाट आए थे। स्नान के दौरान अनुराग अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इसके बाद से उसकी तलाश जारी है।
परिजनों के अनुसार, अनुराग चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई अनिकेत, आदित्य और बहन बिंदिया हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और घाट पर मातम का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी देर तक अनुराग की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर मनिहारी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची , अब परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और राहत दल की खोज पर टिकी हैं।












