10 लाख की रंगदारी न देने पर नवनिर्मित मकान पर धावा, ईंट-पत्थर से तोड़ा छज्जा; 23 नामजद
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कटेया (गोपालगंज)।बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रंगदारी न देने पर अपराधियों ने एक नवनिर्मित मकान पर लाठी, डंडे, टांगी और पिस्तौल से लैस होकर हमला कर दिया और मकान के छज्जे को बुरी तरह तोड़ डाला। इस संबंध में पीड़ित मनोज कुमार यादव ने कटेया थाने में 23 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी मनोज कुमार यादव (31 वर्ष) अपने नए बने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। घटना के एक दिन पूर्व यानी 2 सितंबर 2026 की शाम को गांव के ही मिथिलेश यादव और संतोष यादव ने पीड़ित से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उन्होंने मकान को ध्वस्त करने और जान से मारने की धमकी दी थी।
सुबह 6 बजे हथियारों के साथ बोला धावा
पीड़ित मनोज यादव ने बताया कि 3 सितंबर 2026 (गुरुवार) की सुबह करीब 6:00 बजे जब वह अपने घर में मोटर से पानी डाल रहे थे, तभी उनके पट्टीदार और गांव के अन्य लोग (कुल 23 नामजद आरोपी) हाथों में ग्राइंडर, हिल्टी मशीन, फरसा, सब्बल, हथौड़ा, टांगी, कुदाल और पिस्तौल लेकर उनके घर पर आ धमके।आरोपियों ने ललकारते हुए कहा, “मारो साले को और इसका मकान तोड़कर छड़ और ईंट उठा ले चलो।” इसके बाद सभी आरोपी मिलकर मकान को ग्राइंडर और सब्बलों से तोड़ने लगे।
बचाने आई मां को लाठियों से पीटा, डायल 112 ने बचाई जान
जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी उसे मारने के लिए दौड़े। शोर सुनकर जब पीड़ित की मां बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठियों से हमला कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी को आते देख सभी आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन तब तक वे मकान के छज्जे, ईंट और छड़ को काफी नुकसान पहुंचा चुके थे।
इन लोगों पर दर्ज हुई FIR
थाने में दर्ज आवेदन के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में धारा 351(2), 351(3) BNS व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में मिथिलेश यादव, संतोष यादव, रंजीत यादव, रिशु यादव, अंतोष यादव संदीप यादव धर्मेन्द्र यादव, हरेराम यादव, हरेकृष्ण यादव, गुड्डू रामायण यादव, गोरख यादव, राजा यादव, रविन्द्र यादव, बाबुनंद यादव, मुकेश यादव, शैलेश यादव, रंजन यादव, राजेश यादव, राजू यादव, राजन यादव, सोनू यादव शामिल हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कटेया पुलिस ने पीड़ित के आवेदन और घटना के वीडियो साक्ष्य के आधार पर कांड संख्या 458/26) दर्ज कर जांच में जुटी है । पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर (SI) अरुण कुमार को मामले का अनुसंधानकर्ता बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।












