हथुआ में पिस्टल का भय दिखाकर कलेक्शन कर्मी से लूट का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। हथुआ थाना क्षेत्र में अनपूर्णा फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन कर्मी से पिस्टल का भय दिखाकर लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। मामले में पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई राशि में से ₹22,800 नगद, 04 मोटरसाइकिल और 03 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को जीयन बाबा स्थान से बड़ी देवरिया मोड़ के बीच मीरगंज स्थित अनपूर्णा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कलेक्शन कर्मी से अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर कलेक्शन की राशि लूट लिए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में हथुआ थाना कांड संख्या 308/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।
🔎 छापेमारी में एक-एक कर आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम ने सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आशीष कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर विनीत कुमार बैठा के घर से ₹10,400 नगद, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद अभिनंदन शर्मा के ठिकाने से भी एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद हुआ।
घटना से जुड़े एक अन्य संदिग्ध रोहित राम के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की, जहां से ₹12,400 नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों तथा लूटी गई राशि के बंटवारे और खर्च से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
💰 अब तक की कार्रवाई में बड़ी बरामदगी
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल ₹22,800 नगद, 04 मोटरसाइकिल और 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को विधिवत जब्त करते हुए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।












