हत्या के प्रयास मामले में नामजद प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कटेया। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में नामजद प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कटेया थाना कांड संख्या 487/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026, धारा 126(2), 117(2), 118(1), 115(2), 109(1), 352 एवं 351(2) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त भुटेली शर्मा, पिता स्व. रामजी शर्मा, निवासी मनीकछापर, थाना कटेया, जिला गोपालगंज को मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि 16 सितंबर 2026 को अभियुक्त द्वारा वादी एवं वादी की पत्नी के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। घायल का उपचार स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।











