विशंभरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15.2 लीटर देसी शराब के साथ एक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में विशंभरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15.2 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 10 अक्टूबर 2026 को विशंभरपुर थाना क्षेत्र के दिवा गश्ती के दौरान की गई। ग्राम विजयीपुर स्थित राजू साह के घर के सामने पक्की सड़क पर पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार को आते देखा। पुलिस वाहन को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मुंशी यादव, पिता अवध चौधरी, निवासी विदेशी टोला, थाना थावे, जिला गोपालगंज बताया। मोटरसाइकिल पर रखे बैग की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से कुल 15.2 लीटर देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
इस मामले में विशंभरपुर थाना कांड संख्या 120/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस की नजर
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा है।












