महावीरी जुलूस में अश्लील गाने बजाना पड़ा भारी, DJ जब्त
बरौली थाना क्षेत्र में प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 नामजद समेत 100–150 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। महावीरी जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों की अनदेखी करना आयोजकों और डीजे संचालकों को भारी पड़ गया। बरौली थाना क्षेत्र में महावीरी जुलूस के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों के विरुद्ध डीजे व लाउडस्पीकर बजाने तथा अश्लील एवं उत्तेजक गानों पर नृत्य किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर डीजे समेत कई उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर जिले में धार्मिक जुलूस एवं आयोजनों के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को बरौली थाना क्षेत्र में महावीरी जुलूस के दौरान प्रशासनिक निर्देशों के विपरीत डीजे एवं लाउडस्पीकर का संचालन करते हुए अश्लील व उत्तेजक गाने बजाने की सूचना मिली। मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने डीजे संचालकों एवं उपस्थित लोगों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा आवाज कम करने का निर्देश दिया, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई।
मामले में बरौली थाना कांड संख्या 291/26, दिनांक 06.09.2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में 7 नामजद आरोपियों के साथ डीजे संचालक, आर्केस्ट्रा संचालक एवं लगभग 100–150 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।
🚨 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीजे सेट एवं अन्य संबंधित उपकरणों को विधिवत जब्त कर थाना लाया है। जब्त सामान में टेटर, चौंगा, टॉप बॉक्स, ट्वीटर बॉक्स, डीजे बजाने वाली मशीन, स्टेपलाइजर, लाइट बॉक्स, बेस बॉक्स और जनरेटर सहित कई उपकरण शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
प्रशासन का सख्त संदेश
गोपालगंज पुलिस ने कहा है कि धार्मिक आयोजन शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाले अश्लील एवं उत्तेजक गानों का प्रसारण, निर्धारित मानकों के विपरीत डीजे संचालन तथा प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना के विरुद्ध गोपालगंज पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
