बिहार पुलिस बनने का सपना रह गया अधूरा! तेज रफ्तार पिकअप ने छात्रा मुस्कान की ले ली जान
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया विरोध
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लाइन बाजार-मीरगंज मुख्य सड़क पर साहिब चक्र के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मुस्कान कुमारी के रूप में बताई जा रही है।
बताया जाता है कि मुस्कान कुमारी बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार की सुबह वह अपनी बाइक से सरिया फील्ड की ओर जा रही थी। इसी दौरान साहिब चक्र के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुस्कान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। छात्रा की मौत से लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने लाइन बाजार की मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, फरार वाहन चालक की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया।
फरार पिकअप चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है तथा जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
एक परिवार की उम्मीदें हुईं खत्म
बिहार पुलिस में जाने का सपना लेकर तैयारी कर रही मुस्कान की सड़क हादसे में मौत ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों के बीच भी इस बात को लेकर आक्रोश है कि आखिर तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले चालक पर कब लगाम लगेगी।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार पिकअप चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करना है।












