बाढ़ के बाद राहत को आगे आई राजद टीम, प्रभावित परिवारों के बीच बांटी राहत सामग्री
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी प्रभावित परिवारों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बरौली विधानसभा क्षेत्र के भैसही एवं निमुइया पंचायत में बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय जनता दल की टीम ने जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में दौरा किया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
राजद जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह एवं प्रधान महासचिव इम्तेयाज़ अली भुट्टो ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद जलजमाव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।
राजद नेताओं ने जिला प्रशासन से भैसही, निमुइया सहित अन्य प्रभावित गांवों और बस्तियों में अविलंब ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राजद पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
मौके पर राजद जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार बारी, सुमन कुमार यादव, बिट्टू चौरसिया, अनिल यादव, मैनुद्दीन अहमद, हरेन्द्र कुशवाहा एवं चंद्रभान सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।












