बरौली थाना का वार्षिक निरीक्षण, एसपी ने दिए अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज द्वारा बरौली थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय व्यवस्था एवं विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में गुंडा पंजी, अपराध निर्देशिका, भाग-02 एवं भाग-03 समेत महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही हाजत, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा वाहन जांच अभियान से संबंधित कार्यों का भी जायजा लिया गया।
एसपी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, अपराध नियंत्रण तथा शराब एवं अन्य अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित संधारण एवं पुलिस कार्यों में तत्परता बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण से थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।












