पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनता की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आज गोपालगंज पुलिस कार्यालय में ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्वयं उपस्थित होकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की शिकायतों और समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। जनसुनवाई के दौरान आए आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याएं साझा कीं, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता की जानकारी के लिए बताया गया कि पुलिस कार्यालय गोपालगंज में प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी बनाना है ताकि आम लोगों को अपनी न्यायोचित मांगों के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। कार्यक्रम के अंत में गोपालगंज पुलिस ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि, “गोपालगंज पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर है।” यदि किसी नागरिक को कोई शिकायत या समस्या है, तो वे निर्धारित समय के भीतर पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं।












