पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर महिलाओं ने रखा तीज व्रत
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सोमवार को सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ हरतालिका तीज का व्रत रखा। इस दौरान महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। पौराणिक मान्यता के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए घने जंगल में कठोर तपस्या की थी। उन्होंने अन्न-जल का त्याग कर कठिन निर्जला व्रत रखा था। माता पार्वती की इसी अटूट भक्ति और तपस्या की स्मृति में हरतालिका तीज का व्रत रखने की परंपरा चली आ रही है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन सुखमय होता है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।इसी मान्यता के अनुसार नौतन प्रखंड क्षेत्र की सभी महिलाओं ने व्रत रखा। इस दौरान सुबह से ही महिलाओं में व्रत को लेकर उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की और माता पार्वती एवं भगवान शिव से अपने पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज की कथा सुनी और पूजा-अर्चना की।












