नौतन में शंकर हीरो एजेंसी में घुसे चोर, दो बाइक व 1.55 लाख नकद चोरी
पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर नकदी, बाइक व अन्य सामान चोरी; सीसीटीवी में तीन चोर कैद, एक बाइक बरामद
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट



नौतन-मैरवा मुख्य मार्ग पर रामगढ़ के समीप स्थित हीरो बाइक एजेंसी ‘शंकर हीरो’ में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर एजेंसी के पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और दो हीरो स्प्लेंडर बाइक, 1.55 लाख रुपये नकद, छह बैट्री और चार हेलमेट समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए। चोरों की पूरी करतूत एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे एजेंसी के मैनेजर विजय सिंह समेत अन्य कर्मी एजेंसी पहुंचे। अंदर प्रवेश करते ही सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। स्टॉक का मिलान करने पर दो स्प्लेंडर बाइक, छह बैट्री और चार हेलमेट गायब मिले। वहीं, कैश काउंटर का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखे 1.55 लाख रुपये भी गायब थे। जांच के दौरान एजेंसी के पिछले दरवाजे की कुंडी टूटी मिली, जिसके बाद चोरी की घटना स्पष्ट हुई।एजेंसी मालिक के भाई राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दिखाई दे रहे हैं। तीनों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था और उनके हाथ में नीली टॉर्च थी। फुटेज में चोर काफी बेखौफ तरीके से एजेंसी के अंदर घूमते नजर आ रहे हैं। उन्होंने दो स्प्लेंडर बाइक में बैट्री लगाई, पेट्रोल डाला और उन्हें स्टार्ट कर एजेंसी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद कैश काउंटर का लॉक तोड़कर नकदी निकाली और दोनों बाइक लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही नौतन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलुआड़ और बरईपट्टी गांव के समीप से चोरी की एक बाइक बरामद कर ली है। मामले में एक चोर को चिह्नित कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही अन्य चोरों की भी पहचान कर सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












