नौतन में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अंचलाधिकारी शशि कुमारी की मौजूदगी में नौतन पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने किया। इसमें थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दशहरा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है। पुलिस ने आम लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च नौतन भुलौनी से आरंभ होकर नौतन बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय एवं बघौत बाबा स्थान की ओर प्रस्थान कर गया। इस मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने या किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सतर्क है।












