नवस्थापित डिग्री कॉलेज के संचालन में डॉ. सत्येंद्र की भूमिका सराहनीय : प्राचार्य
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, नौतन के सहायक प्राध्यापक-सह-बर्सर डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह के पुनः डीएवी पीजी कॉलेज, सिवान जाने के अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने डॉ. सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शमशाद अहमद ने कहा कि नवस्थापित महाविद्यालय के प्रारंभिक संचालन और विकास में डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। उन्होंने लगभग साढ़े तीन महीने के अपने कार्यकाल के दौरान महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे एवं शैक्षिक उन्नयन के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। प्रशासनिक कार्यों से लेकर छात्रहित से जुड़े मामलों तथा महाविद्यालय के आधारभूत संरचना के विकास में उन्होंने हर स्तर पर सहयोग किया। प्राचार्य ने कहा कि डॉ. सिंह के सहयोग और समर्पण को महाविद्यालय परिवार कभी भुला नहीं सकता। नवस्थापित महाविद्यालय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। विदाई समारोह में उपस्थित शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. सिंह के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। सभी ने उनके नए कार्यस्थल पर सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महाविद्यालय परिवार के बीच भावुक माहौल रहा।












